उत्तराखंड में अगले 72 घंटे अहम, भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा बढ़ा_दो किसानों की मौत..

खबर शेयर करें -

Nainitallive

उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों से राज्य के अधिकांश जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है, जबकि नैनीताल और देहरादून में रविवार सुबह तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा अल्मोड़ा और चमोली जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज से अति तीव्र बारिश के दौर पड़ने की भी चेतावनी दी गई है।

आकाशीय बिजली से दो किसानों की मौत

लगातार खराब मौसम के बीच हरिद्वार जिले से दुखद खबर सामने आई है। शनिवार को खेतों में काम कर रहे दो किसानों पर आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान डालूवाला मजबता निवासी नगिन (53) और खाला टीरा निवासी रणधीर सिंह (42) के रूप में हुई है।

बताया गया कि अचानक मौसम खराब होने और तेज बारिश के दौरान दोनों अलग-अलग खेतों में काम कर रहे थे, तभी उन पर बिजली गिर गई। गंभीर रूप से झुलसे दोनों किसानों को ग्रामीण रुड़की के विनय विशाल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

देहरादून में तेज बारिश का दौर जारी

देहरादून में सुबह से ही तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। कई इलाकों में भारी बारिश के एक-दो दौर पड़ सकते हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

अगले तीन दिनों का अलर्ट

20 जुलाई – देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के कुछ क्षेत्रों में अत्यंत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी और पौड़ी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।

21 जुलाई – देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट रहेगा।

22 जुलाई – राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है।

नैनीताल जिले में बारिश का असर

नैनीताल जिले में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम का असर अलग-अलग क्षेत्रों में देखने को मिला है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रविवार सुबह 8 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, हल्द्वानी में सबसे अधिक 67 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रामनगर में 16.4 मिमी और कालाढूंगी में 33 मिमी वर्षा हुई।

नैनीताल और आसपास के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं, जबकि हल्द्वानी, लालकुआं और रामनगर में हल्की बारिश का दौर जारी है। कैचीधाम में 11.1 मिमी और खनस्यू/ओखलकांडा क्षेत्र में 24 मिमी बारिश दर्ज की गई। बेतालघाट में वर्षा नहीं हुई।

बारिश के चलते जिले के दो ग्रामीण मार्ग बाधित हो गए हैं। इनमें भौर्सा-पिनरो मोटर मार्ग और पंगोट-दैचोरी मोटर मार्ग शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार, दोनों मार्गों को आज ही खोलने की कार्रवाई जारी है।

वहीं, जमरानी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिसे बहाल करने के लिए संबंधित विभाग कार्यरत है। राहत की बात यह है कि जिले में नालों की स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है।

जिला प्रशासन ने बताया कि मार्गों को खोलने और बिजली आपूर्ति सुचारू करने के लिए संबंधित विभागों द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है।

प्रशासन की अपील

मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही जलभराव और फिसलन वाले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

UttarakhandWeather #RedAlert #HeavyRainfall

Nainital #Dehradun #Champawat #UdhamSinghNagar

Breaking News