मॉडल यूनाइटेड नेशन में सिंथिया स्कूल का शानदार प्रदर्शन, बढ़ाया हल्द्वानी का मान

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी के छात्रों ने अंतर विद्यालयी मॉडल यूनाइटेड नेशन (MUN) प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और प्रभावशाली संवाद कौशल का उत्कृष्ट परिचय दिया। दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न समितियों और देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रभावी प्रस्तुति दी तथा तीन पुरस्कार अपने नाम कर विद्यालय और शहर का गौरव बढ़ाया।

दीक्षांत स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में हल्द्वानी एवं आसपास के 12 विद्यालयों के लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने वैश्विक मुद्दों पर चर्चा, वाद-विवाद और कूटनीतिक संवाद के माध्यम से अपनी बौद्धिक क्षमता और नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में सिंथिया स्कूल के सात्विक रौतेला, दिव्यांश बिष्ट और सिद्धार्थ वर्मा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर विशेष पुरस्कार हासिल किए। निर्णायकों ने उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति, तार्किक सोच और आत्मविश्वास की सराहना की।

विद्यालय की शिक्षिका हेमा तिवारी के मार्गदर्शन में विद्यालय के 16 सदस्यीय दल ने प्रतियोगिता में भाग लिया। टीम में सात्विक रौतेला, दिव्यांश बिष्ट, सिद्धार्थ वर्मा, मधु बिष्ट, इशिता नेगी, निहाल पंत, प्राची बिष्ट, वंशिका गर्ग, मेघा जोशी, अक्षित मिश्रा, कश्वी जोशी, अनुष्का पांडेय, त्रिशा बिष्ट, भाविका लोहनी, यशस्वी बिष्ट तथा सृष्टि शामिल रहे।

प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय परिसर में पूरी टीम का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीन्द्र कुमार रौतेला ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों में नेतृत्व क्षमता, वैश्विक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन और प्रभावी संवाद कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने पुरस्कार विजेताओं सहित पूरी टीम और मार्गदर्शक शिक्षिका को बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि सिंथिया स्कूल के विद्यार्थी आगे भी शिक्षा, वाद-विवाद, नेतृत्व और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।

Breaking News