उपराष्ट्रपति धनखड़ के उत्तराखंड दौरे का समापन, CM धामी ने भेंट की हिमालयन सौगात

खबर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से की शिष्टाचार भेंट, उत्तराखंड के विकास मुद्दों पर हुई चर्चा

हल्द्वानी : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हल्द्वानी के आर्मी हेलीपैड पर देश के उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात उपराष्ट्रपति के उत्तराखंड प्रवास के समापन के अवसर पर हुई, जब वे दिल्ली लौटने से पूर्व हल्द्वानी पहुंचे थे। इस दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह भी उपस्थित रहे।

शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति की कुशलक्षेम पूछी और राज्य में उनके तीन दिवसीय प्रवास को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति की इस यात्रा से राज्य को नई ऊर्जा, प्रेरणा और दिशा मिली है। मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति को उत्तराखंड के प्रमुख स्थानीय उत्पादों से युक्त हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की एक विशेष सौगात भी भेंट की, जिसमें राज्य की समृद्ध जैव विविधता और हस्तशिल्प का परिचय मिलता है।

इस अवसर पर उत्तराखंड से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी दोनों नेताओं के बीच विचार-विमर्श हुआ। चर्चा में राज्य की पर्वतीय परिस्थितियों, सैनिक परंपरा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, बुनियादी ढांचे के विकास और सतत पर्यटन जैसे विषय प्रमुख रहे। उपराष्ट्रपति ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, वीरता की परंपरा और विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए राज्य सरकार को शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि उपराष्ट्रपति का उत्तराखंड दौरा विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों से जुड़ा रहा, जिसमें उन्होंने कई संस्थानों में व्याख्यान दिए और जनता से सीधे संवाद स्थापित किया। इस प्रवास के दौरान उन्होंने राज्य के युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनने का संदेश भी दिया।

जमरानी बांध परियोजना का हवाई सर्वेक्षण

उपराष्ट्रपति से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह के साथ संयुक्त रूप से जमरानी बांध परियोजना का हवाई निरीक्षण भी किया। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना और संभावित चुनौतियों का समाधान तलाशना था। जमरानी बांध को राज्य के जल आपूर्ति और सिंचाई तंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्य, हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजराज बिष्ट, दर्जा मंत्री दीपक मेहरा, मुख्यमंत्री के आयुक्त/सचिव दीपक रावत, आईजी रिद्धिमा अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना, पुलिस अधीक्षक पी.एन. मीणा, और स्टेशन कमांडर कर्नल जतिन ढिल्लन प्रमुख रूप से शामिल रहे।

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News