आत्मनिर्भर संकल्प अभियान पर भाजपा का जोर, धामी सरकार की उपलब्धियों को गिनवाया

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। भाजपा ने आत्मनिर्भर संकल्प अभियान को धार देने के लिए रविवार को हल्द्वानी स्थित पार्टी संभाग कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और उत्तराखंड की धामी सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रेस वार्ता में बोलते हुए जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने चार वर्षों में तेज़ी से विकास के पथ पर कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने बताया कि आपदाओं के समय मुख्यमंत्री द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत कार्यों की मॉनिटरिंग, साथ ही रोजगार व स्टार्टअप को बढ़ावा देने जैसे ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की क्रांतिकारी योजना ‘आत्मनिर्भर संकल्प अभियान’ ने देश और प्रदेश में आत्मनिर्भरता की नई सोच को जन्म दिया है।

जोशी ने दीपावली पर्व पर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि “वोकल फॉर लोकल” को अपनाना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे हर स्तर पर स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और बिक्री को प्रोत्साहित करें।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रदीप जनौटी, जिला उपाध्यक्ष प्रतिभा जोशी, जिला सह मीडिया प्रभारी विनोद तिवारी और आईटी संयोजक अमित चौधरी भी मौजूद रहे। जोशी ने यह भी कहा कि प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक नई नियुक्तियों से संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए प्रवक्ता ने स्पष्ट और ठोस उत्तर दिए, जिससे पार्टी की आत्मविश्वासपूर्ण रणनीति का भी पता चला।

Breaking News