चोरगालिया, नैनीताल। राबाइका चोरगालिया में आयुष विभाग जनपद नैनीताल द्वारा स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए योग की उपयोगिता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ‘एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग’ की थीम पर जोर दिया गया और योग को मानव कल्याण और स्वस्थ जीवन शैली के लिए अपनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए आयुर्वेदिक चिकित्सक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चोरगालिया के प्रभारी डॉ. त्रिलोक सिंह बिष्ट ने योग दिवस 2025 की थीम पर प्रकाश डाला और स्वस्थ व संतुलित आहार के साथ योग को दैनिक जीवन में शामिल करने की महत्ता बताई।

विद्यालय की प्रधानाचार्या तनुजा जोशी ने इस पहल की सराहना करते हुए योग को जीवन शैली के रूप में अपनाने पर बल दिया।
चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही, सभी प्रतिभागी छात्राओं को भी पुरुस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में, डॉ. त्रिलोक सिंह बिष्ट ने समस्त शिक्षिकाओं और छात्राओं को स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए योग संकल्प की शपथ दिलवाई।
संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका हेमा टाकूली द्वारा किया गया। इस अवसर पर अमिता जोशी, भगवती आगरिया, मंजुलता सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।