संस्कृतभारती उत्तरांचल कुमाऊं संभाग का कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग का आयोजन

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी । रविवार को उत्तरांचल के कुमाऊं संभाग में संस्कृत भारती द्वारा एक दिवसीय कार्यकर्ता अभ्यास वर्ग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्रीय संगठन मंत्री देवेंद्र पाण्डेय द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर प्रांत मंत्री डॉ. चंद्र प्रकाश उप्रेती, पूर्व अध्यक्ष जानकी त्रिपाठी एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. एन. डी. जोशी ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम में चार सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें संस्कृत के प्रचार एवं प्रसार के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। पूरे कुमाऊं संभाग के सभी जनपदों से आए कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। क्षेत्रीय संगठन मंत्री देवेंद्र जी ने संस्कृत के प्रचार-प्रसार एवं विस्तार के लिए विशेष चर्चा की, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में संस्कृत शिविरों का आयोजन करने का संकल्प दिलाया गया।

डॉ. चंद्र प्रकाश उप्रेती ने अगले तीन महीनों में प्रत्येक जनपद में संस्कृत शिविर आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया। कार्यकर्ताओं से यह भी कहा गया कि वे रक्षाबंधन पर्व के दौरान संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत विशेष संस्कृत कार्यक्रमों का आयोजन करें ताकि ग्राम और नगर स्तर पर संस्कृत भाषा का प्रचार-प्रसार किया जा सके।

इस अवसर पर संस्कृत भारती के ट्रस्टी एवं कुमाऊं संभाग संपर्क प्रमुख प्रकाश चंद्र भट्ट, प्रांत संगठन मंत्री गौरव शास्त्री, डॉ. गोपाल दत्त त्रिपाठी, डॉ. नीरज जोशी, डॉ. जगदीश चंद्र पांडेय, डॉ. राघव झा, डॉ. आरती जैन, डॉ. भारती नारायण भट्ट, डॉ. मनोज जोशी एवं अन्य विद्वान महानुभाव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार को नई ऊर्जा देना और विद्यार्थियों एवं आम जनता में संस्कृत के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

Breaking News