उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल घोषित,इस तारीख से शुरू होंगे 10वीं-12वीं के एग्जाम
देहरादून।
उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा परिषद (UBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की समय-सारणी घोषित कर दी है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती के अनुसार, उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 20 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा तिथियों की घोषणा से प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिली है।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में दो लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए प्रदेश के सभी जिलों में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए जा रहे हैं। बोर्ड और प्रशासन द्वारा नकल विहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के लिए सख्त इंतजाम किए जाएंगे, वहीं संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
डॉ. सती ने बताया कि प्रश्न पत्रों की गोपनीयता, समय पर वितरण और उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संग्रह की पूरी व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की कि वे तनाव मुक्त रहकर आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी करें। नियमित अध्ययन, बेहतर समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच से ही अच्छे परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के साथ ही छात्र अब अंतिम तैयारी में जुट गए हैं।




