जबरदस्ती पिचकारी मारी तो हो जाएगी गिरफ्तारी_ नैनीताल पुलिस की पुख्ता तैयारी
नैनीताल। होली के मद्देनज़र जनपद नैनीताल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। हुड़दंग, जबरन रंग डालने और ड्रंक एंड ड्राइव जैसी हरकतों पर सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।
एसएसपी नैनीताल डॉ मंजूनाथ टी सी के निर्देशन में पूरे जनपद में व्यापक फ्लैग मार्च और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात
एसपी नैनीताल जगदीश चंद्र की अगुवाई में…
सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी
सीओ रामनगर सुमित पाण्डेय
सीओ नैनीताल रविकांत सेमवाल
के नेतृत्व में प्रमुख बाजारों, संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल व वाहन गश्त की गई।
जनपद के सभी थाना क्षेत्रों, मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भारी पुलिस बल, PAC, QRT (क्विक रिस्पॉन्स टीम) और स्ट्राइक फोर्स को तैनात कर ‘स्टैंडबाय’ मोड पर रखा गया है। रातभर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, जबकि सुबह 6 बजे से सभी सुरक्षाकर्मी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट्स पर मौजूद रहेंगे।
हुड़दंगियों के लिए साफ संदेश
जबरदस्ती रंग डालना अपराध है- किसी की इच्छा के विरुद्ध रंग या पिचकारी मारना, किसी समुदाय या व्यक्ति को निशाना बनाना या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करना सीधे मुकदमे और गिरफ्तारी का कारण बनेगा।
रंजिश निकालने की कोशिश पर सख्ती- यदि कोई तत्व पुरानी दुश्मनी या वर्चस्व दिखाने के लिए त्योहार का सहारा लेता है, तो पुलिस बल प्रयोग सहित कठोर वैधानिक कार्रवाई करेगी।
ड्रंक एंड ड्राइव पर जीरो टॉलरेंस – शराब पीकर वाहन चलाना, ओवरस्पीडिंग या स्टंटबाज़ी करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी। नशे की हालत में पकड़े जाने पर वाहन सीज और हवालात की नौबत आ सकती है।
शांति और सद्भाव के साथ मनाएं होली
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने आमजन से अपील की है कि होली को प्रेम, मर्यादा और सौहार्द के साथ मनाएं। कुमाऊं की सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखते हुए छोटी-छोटी बातों पर विवाद से बचें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
जनपद नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा के प्रति वह सदैव प्रतिबद्ध है – त्योहार खुशियों का रहे, कानून हाथ में लेने वालों का नहीं।




