देहरादून । उत्तराखंड में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। बुधवार को राज्यपाल ने खेल विश्वविद्यालय एक्ट को अधिसूचित कर दिया है, जिसके बाद अब विश्वविद्यालय की स्थापना का कार्य गति पकड़ेगा।

प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि राजभवन द्वारा पत्र जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इस बहुप्रतीक्षित खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने की तैयारी में है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि राष्ट्रीय खेल दिवस से पूर्व सभी तैयारियां पूरी की जा सकें।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने इस कदम को प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना से खिलाड़ियों के विकास और शिक्षा के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि इस विश्वविद्यालय की नींव हल्द्वानी के गौलापार में रखी जाएगी और इसे जल्द से जल्द शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। खेल मंत्री ने अधिकारियों को विश्वविद्यालय के लिए आवश्यक सभी मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।