हल्द्वानी बरेली रोड स्थित मंडी क्षेत्र में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां एक युवक और युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए। दोनों शवों के सिर कुचले हुए थे।
मंडी में सुबह काम के लिए पहुंचे मजदूरों और व्यापारियों ने जब शवों को देखा, तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सार्वजनिक स्थान पर दो शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और उच्च अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
दोनों शवों_ मृतक लड़का और लड़की की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि वे मंडी परिसर में कब और कैसे पहुंचे। स्थानीय थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिनाख्त के बाद ही मामले की गुत्थी सुलझ पाएगी। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता सहित भारी पुलिस बल पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण जा रहा है आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
