रेड अलर्ट: उत्तराखंड में बारिश ने थामी रफ्तार,अगले तीन दिन भारी..

खबर शेयर करें -

Nainitallive

उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से राज्यभर में लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने आज राज्य के विभिन्न जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए राज्य के सभी जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

इन जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी और हरिद्वार जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी और अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले

नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, उत्तरकाशी और पौड़ी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर पड़ने की संभावना जताई गई है।

येलो अलर्ट वाले जिले

रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।

सीएम धामी के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सड़क, बिजली, पेयजल और संचार सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के आदेश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग से लगातार स्थिति की रिपोर्ट भी मांगी गई है।

बारिश से बढ़ी मुश्किलें

रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश आफत बन चुकी है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन होने से यात्रा बार-बार बाधित हो रही है। रविवार को नैनीताल, देहरादून, ऊधम सिंह नगर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर समेत कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई।

उत्तरकाशी में भगीरथी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

देहरादून के कई इलाकों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी हुई।

IT पार्क क्षेत्र सहित कई सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा।

संतला देवी मंदिर के पास नदी के बीच फंसे 7 लोगों को SDRF और पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू किया।

शुक्रवार से अब तक बारिश से जुड़े हादसों में 3 लोगों की मौत हो चुकी है।

अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान

21 जुलाई

देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट रहेगा।

22 जुलाई

उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना है। राज्य के सभी 13 जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

23 जुलाई

बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना है। साथ ही पूरे राज्य में तेज बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

UttarakhandRain #RedAlert #SchoolClosed #HeavyRain

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News