हल्द्वानी। रानीबाग स्थित चित्रेश्वर धाम में कथित अतिक्रमण को लेकर पहाड़ी कत्युरी समाज ने नाराजगी जताई है। प्रेस वार्ता में समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि प्राचीन चित्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शनि मंदिर और अन्य ढांचे का निर्माण किया गया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर कथित अतिक्रमण हटाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
समाज का दावा है कि इस मामले में प्रशासन और प्राधिकरण को पहले भी शिकायतें दी गईं तथा निर्माण रोकने और नोटिस की कार्रवाई हुई, लेकिन मौके पर स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। समाज ने कहा कि चित्रेश्वर धाम केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि पहाड़ की आस्था, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा स्थल है।
वहीं, 29 अगस्त की घटना को लेकर समाज ने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर में अव्यवस्था और विवाद के दौरान श्रद्धालुओं पर हमला किया गया, जिसमें एक पुलिसकर्मी समेत कई लोग घायल हुए। समाज का कहना है कि श्रद्धालुओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए, जबकि उनकी शिकायत पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई।
पहाड़ी आर्मी के अध्यक्ष हरीश रावत ने चेतावनी दी कि यदि कथित अतिक्रमण और हमले के मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो समाज के लोग SSP कार्यालय में अन्न-जल त्यागकर मौन अनशन करेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो देवस्थलों को कथित अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रशासन से निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। प्रेस वार्ता में सीता रावत, चंदन सिंह मनराल, राजेंद्र, शेरसिंह मवाड़ी, कविता जीना, प्रेमा मेर, मनोहर सिंह रावत, हेम गिरी महाराज, ललित मनराल और अंजू पांडेय समेत कई लोग मौजूद रहे।





