उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण सम्मान..

खबर शेयर करें -


केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस से एक दिन पूर्व देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों – पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को उनके विशिष्ट सार्वजनिक योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। 83 वर्षीय कोश्यारी का नाम गृह मंत्रालय द्वारा जारी 131 सम्मानित व्यक्तियों की सूची में शामिल किया गया है।

उत्तराखंड की राजनीति में ‘भगत दा’ के नाम से लोकप्रिय भगत सिंह कोश्यारी लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे हैं। शिक्षा, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें एक सशक्त जननेता के रूप में स्थापित किया। मुख्यमंत्री से लेकर राज्यपाल जैसे संवैधानिक पदों तक उनकी भूमिका को राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में विशेष सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है।

पद्म पुरस्कारों की घोषणा प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है, जबकि सम्मान समारोह राष्ट्रपति भवन में मार्च-अप्रैल के बीच आयोजित किया जाता है, जहां राष्ट्रपति द्वारा विधिवत अलंकरण किया जाता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई

पद्म भूषण की घोषणा के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगत सिंह कोश्यारी को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल कोश्यारी जी के लिए, बल्कि समस्त उत्तराखंडवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह सम्मान उनके संपूर्ण सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा और समाजहित के प्रति समर्पण का प्रतीक है। कोश्यारी जी ने अपने विचारों और कार्यों से न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश को दिशा देने का कार्य किया है। उनका अनुभव, दूरदृष्टि और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News