सकारात्मक बदलाव की पहल : नवनियुक्त जिलाधिकारी ने दी नई दिशा..
हल्द्वानी :नव नियुक्त जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को मीडिया संवाद के दौरान जनता के हित में हर सकारात्मक पहल को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने बताया कि अब खेल प्रशिक्षकों को रविवार के बजाय कार्यदिवसों में अवकाश मिलेगा, जिससे रविवार को बच्चों की छुट्टी के दिन उन्हें बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध हो सकेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि विकास, महिला-बाल कल्याण, आपदा प्रबंधन और आधारभूत ढांचे से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। साथ ही, गड्ढ़ों की मरम्मत और सड़कों के चौड़ीकरण जैसे कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
वरिष्ठ पत्रकारों के सुझाव पर जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन और मीडिया के बीच संवाद बना रहेगा और नियमित प्रेस मीट आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों ने जिलाधिकारी का स्वागत बुके भेंट कर किया। मौके पर जिला सूचना अधिकारी गिरिजा जोशी, मीडिया सेंटर हल्द्वानी की प्रियंका जोशी सहित विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।




