हल्द्वानी/भीमताल। नैनीताल जिले में जिला योजना समिति के सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, समिति के कुल 23 सदस्यों का निर्वाचन किया जाएगा। इनमें जिला पंचायत क्षेत्र से 11 और नगर निकायों से 12 सदस्य चुने जाएंगे।
चुनाव का पूरा कार्यक्रम
12 अक्टूबर_ सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन।
13 अक्टूबर_सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच।
14 अक्टूबर_ सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी।
16 अक्टूबर_ सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान, जरूरत पड़ने पर।
16 अक्टूबर_ मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना।
नामांकन, जांच, मतदान और मतगणना की प्रक्रिया विकास भवन, भीमताल में निर्धारित स्थल पर संपन्न होगी।
23 सदस्यों का होगा निर्वाचन
जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों में से 11 सदस्य चुने जाएंगे। वहीं, नगर निकायों में नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम से 8, नगर पालिका नैनीताल से 1, रामनगर से 2 और भवाली से 1 सदस्य का निर्वाचन निर्धारित है।
आदर्श आचार संहिता लागू
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, अधिसूचना जारी होने से 16 अक्टूबर को मतगणना समाप्त होने तक आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी। इस दौरान भोज और उपहार देने-लेने तथा नई योजनाओं की घोषणा और नई वित्तीय स्वीकृतियों पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, पूर्व स्वीकृत व जारी योजनाओं, केंद्र सरकार की निर्धारित जनकल्याणकारी योजनाओं और आपदा राहत, पुनर्वास तथा आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्यों को नियमानुसार छूट रहेगी।
आचार संहिता जिला योजना समिति के निर्वाचन से जुड़े निर्वाचकों, उम्मीदवारों और संबंधित कार्मिकों पर भी लागू होगी।







