देहरादून में महिला जज से बदसलूकी और किडनैपिंग की कोशिश..fir

खबर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून में एक महिला जज के साथ कैब यात्रा के दौरान अभद्रता, धमकी देने और अपहरण की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। महिला जज की शिकायत के अनुसार, रैपिडो चालक ने तय किराये से दोगुने पैसे मांगे और विरोध करने पर उन्हें सुनसान व अंधेरी गली में ले गया। महिला जज ने चालक पर गलत इरादे से व्यवहार करने और डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया है। डालनवाला पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

ऐप से बुक की कैब, रास्ते में दोगुने किराये की मांग

शिकायत के मुताबिक, 21 अक्टूबर की शाम करीब 6:11 बजे महिला जज ने जजेज कॉलोनी, बलबीर रोड स्थित अपने आवास से सौड़ा सरोली, मालदेवता के पास जाने के लिए रैपिडो कैब बुक की थी। चालक उन्हें लेने पहुंचा और ओटीपी लेकर यात्रा शुरू की।

आरोप है कि कुछ देर बाद चालक ने करीब नौ किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए दोगुना किराया देने की मांग की। महिला जज ने इसका विरोध करते हुए कहा कि वह ऐप पर निर्धारित किराया देने को तैयार हैं, लेकिन अतिरिक्त पैसे क्यों दें ?

महिला जज के अनुसार, किराये को लेकर विवाद के बाद चालक ने निर्धारित रास्ते पर जाने के बजाय गाड़ी एक अंदरूनी गली में मोड़ दी। वह गली अंधेरी और सुनसान थी तथा आगे से बंद थी। इस दौरान महिला जज को आशंका हुई कि चालक उन्हें कहीं ले जा रहा है।

उन्होंने तत्काल अपने कोर्ट मोहर्रिर को फोन कर स्थिति की जानकारी दी। शिकायत में आरोप है कि चालक ने उन्हें धमकाया और कहा कि पुलिस में उसकी अच्छी पहचान है। महिला जज ने रैपिडो के कस्टमर केयर पर भी फोन कर चालक के व्यवहार और अतिरिक्त किराये की मांग की शिकायत की।

महिला जज ने जताया अपहरण की कोशिश का अंदेशा

शिकायत में महिला जज ने आरोप लगाया कि चालक ने उनके साथ अभद्रता की, उन पर राइड कैंसिल करने का दबाव बनाया और उन्हें सुनसान गली में ले जाकर अपहरण करने की कोशिश की। उन्होंने चालक के व्यवहार को लेकर अपनी सुरक्षा पर गंभीर चिंता भी जताई।

महिला जज के मुताबिक, बाद में चालक गाड़ी को जजेज कॉलोनी के गेट के बाहर ले आया। वहां ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने उससे पूछताछ की तो कथित तौर पर उसने गार्ड को भी धमकाया और करीब आधे घंटे तक हंगामा किया।

शिकायत के अनुसार, कोर्ट मोहर्रिर की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया। पुलिसकर्मी चालक को थाने ले गए, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

महिला जज ने शिकायत में यह आशंका भी जताई है कि चालक उनका घर देख चुका है और भविष्य में उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने पुलिस से उचित कार्रवाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News