हल्द्वानी-काठगोदाम : नगर निगम सभागार में महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में यूयूएसडीए द्वारा स्वीकृत सड़क, पेयजल और सीवर पाइपलाइन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़ी समस्याओं को महापौर के समक्ष रखा। इसके बाद यूयूएसडीए अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा करते हुए महापौर ने निर्देश दिए कि आगामी बरसात से पहले शहर की सभी खुदी हुई सड़कों, पेयजल लाइनों और सीवर से जुड़े कार्यों को हर हाल में पूरा कर लिया जाए, ताकि बरसात के दौरान जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
महापौर ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जिस क्षेत्र में सड़क या पाइपलाइन का कार्य किया जाना है, वहां दो-तीन दिन पूर्व ही अनाउंसमेंट कर स्थानीय लोगों को सूचित किया जाए और आवश्यक साइन बोर्ड भी लगाए जाएं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और लोगों को असुविधा न हो।
साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक पुरानी खुदी सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक नई सड़कों को खोदने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बैठक में पार्षदों ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें दर्ज कराईं। इस पर महापौर ने नगर आयुक्त Paritosh Verma को निर्देश देते हुए कहा कि **15 दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था से जुड़ी सभी कमियों को दूर किया जाए।
बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कांडपाल, एई नवल नौटियाल, पार्षद बबली वर्मा, तनुजा जोशी, विद्या देवी, नीमा भट्ट, राजेश पंत, रुक्मणी बिष्ट, धर्मवीर, रईस अहमद, नवीन चंद्र जोशी, चंद्रप्रकाश, संजय पांडे, रेखा बेनीवाल, नेहा अधिकारी, ज्योति पांडे, मुकुल बल्यूटिया, अमित सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वहीं यूयूएसडीए की ओर से प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप कुमार, एई दीनदयाल पांडे, रोहित जोशी, मनोज चंद्र, दिनेश चंद्र आर्य और प्रदीप मेहरा सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।




