उत्तराखंड: हल्द्वानी में विधिक जागरूकता एवं समाज सेवा का उत्साहवर्धक आयोजन

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। रविवार को उत्तराखंड के नैनीताल जिले में पूरन सिंह मोहन सिंह इंटर कॉलेज, कुंवरपुर में विधिक जागरूकता एवं समाजसेवी कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में कानूनी जागरूकता फैलाना, नशा उन्मूलन एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार था। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, उच्च न्यायालय उत्तराखंड एवं न्यायमूर्ति आलोक माहरा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान, दोनों न्यायमूर्ति ने स्कूल प्रांगण में लगी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया और बच्चों को ज्ञानमाला पुस्तकें भेंट कीं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि यह शिविर समाज के हर वर्ग तक कानूनी जानकारी पहुंचाने का प्रयास है, जिससे लोग अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो सकें।

न्यायमूर्ति श्री माहरा ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति की शारीरिक व मानसिक शक्ति को नष्ट करता है, बल्कि समाज के विकास में भी बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने नालसा नशा उन्मूलन योजना के तहत जागरूकता कार्य की जानकारी दी।

कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश सुबीर कुमार ने विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकलाप, नि:शुल्क कानूनी सहायता एवं विधिक सहायता केंद्रों की जानकारी दी। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश में लगभग 1500 पैरालीगल वालंटियर कार्यरत हैं, जो गांव-गांव तक न्याय पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

अधिकारियों और अतिथियों ने समाज को मजबूत बनाने एवं नशामुक्ति के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान, विभिन्न विभागों ने समाज कल्याण योजनाओं के तहत लाभार्थियों को व्हीलचेयर, कान की मशीन, सिलाई मशीन, राशन किट एवं वृद्धावस्था पेंशन प्रमाण पत्र आदि वितरित किए।

कार्यक्रम में बच्चों ने नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाई। इसके अतिरिक्त, विभिन्न विभागों जैसे स्वास्थ्य, वन, शिक्षा, उद्यान एवं श्रम विभाग द्वारा जनसामान्य के लिए नि:शुल्क परीक्षण, वृक्ष वितरण, जानकारी एवं सहायता सेवाएं प्रदान की गईं।

इस आयोजन का उद्देश्य समाज में कानूनी, सामाजिक एवं पर्यावरणीय जागरूकता फैलाना रहा, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन के अंत में, सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए, प्रथम अपर जिला जज अमरिंदर सिंह ने समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Breaking News