उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रेमनगर क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी नरेश राठौर गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश मारा गया। एक अन्य आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। शक होने पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर पीछा शुरू किया।
बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के करीब पहुंचते ही बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से ढेर हो गया।
इसी बीच थाना प्रभारी नरेश राठौड़ के हाथ में गोली लग गई। बताया जा रहा है कि एक अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
घायल SHO और अन्य पुलिसकर्मी को तुरंत कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
फरार आरोपी की तलाश में कांबिंग अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश के लिए पूरे क्षेत्र में सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर सुरक्षा बढ़ा दी है।
दावा किया है कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायगा।




