हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कॉलेज परिसर में लिंगदोह कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, प्रशासन, कॉलेज प्रबंधन और विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशियों ने हिस्सा लिया।
एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल की अध्यक्षता में हुई बैठक में संभावित प्रत्याशियों को छात्रसंघ चुनाव से जुड़े नियमों और लिंगदोह कमेटी की गाइडलाइन की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने साफ कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से हों, लेकिन इसके लिए सभी प्रत्याशियों और छात्रों को तय नियमों का पालन करना होगा।
बैठक में संभावित प्रत्याशियों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। सभी प्रत्याशियों को लिंगदोह कमेटी तथा विश्वविद्यालय की ओर से जारी चुनाव संबंधी निर्देशिका वितरित की गई और नियमों के पालन को लेकर उनके हस्ताक्षर भी कराए गए।
प्रिंटेड पोस्टर-बैनर पर रोक
चुनाव प्रचार को लेकर स्पष्ट किया गया कि कॉलेज परिसर या उसके बाहर किसी भी तरह के प्रिंटेड पोस्टर, बैनर या प्रचार सामग्री नहीं लगाई जाएगी। प्रचार के लिए केवल हाथ से बनाए गए पोस्टर और पंपलेट का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
रैली निकालने पर भी प्रतिबंध
कॉलेज परिसर से बाहर सड़क पर किसी भी तरह की रैली या जुलूस आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी। कॉलेज परिसर के भीतर किसी कार्यक्रम या प्रचार गतिविधि के लिए भी कॉलेज प्रशासन से कम से कम एक दिन पहले अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है।
बिना आईडी कॉलेज में प्रवेश नहीं
कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों को भी बिना पहचान पत्र के परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं, ऐसे बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जो कॉलेज में अध्ययनरत नहीं हैं।
रात में प्रचार किया तो होगी कार्रवाई
पुलिस ने रात के समय कॉलेज परिसर में घूमने या चुनाव प्रचार करने वालों को भी सख्त चेतावनी दी है। ऐसे मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि रात में इस तरह की गतिविधि को छात्रसंघ चुनाव की आड़ में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने संभावित प्रत्याशियों से अपील की कि चुनाव को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और लोकतांत्रिक भावना के साथ लड़ें। किसी भी तरह की अव्यवस्था, दबाव या नियमों के उल्लंघन से बचें, ताकि एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एबी बाजपेयी, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, एमबीपीजी के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह बनकोटी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र सिंह रौतेला, डॉ. मनीषा तिवारी, छात्रसंघ प्रभारी डॉ. एलएम पांडे, डॉ. एसके श्रीवास्तव, डॉ. एचएस भाकुनी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, चौकी प्रभारी भोटियापड़ाव कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक अभिसूचना मनोज कुमार सहित विभिन्न पदों के संभावित प्रत्याशी छात्र मौजूद रहे।





