9 जुलाई को अखिल भारतीय आम हड़ताल: हल्द्वानी में संयुक्त प्रदर्शन और जनसभा का आयोजन तय

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। देश की केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और फेडरेशनों द्वारा आहूत 9 जुलाई 2025 को होने वाली अखिल भारतीय आम हड़ताल का समर्थन करते हुए विभिन्न यूनियनों एवं जन संगठनों ने हल्द्वानी में एक दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। इस हड़ताल के तहत, बुधपार्क में सुबह 10 बजे से संयुक्त प्रदर्शन और जनसभा का आयोजन किया जाएगा।

बुधवार को जारी संयुक्त बयान में ऐक्टू, बीमा कर्मचारी संघ, उत्तराखण्ड बैंक इंप्लॉइज यूनियन, उत्तराखण्ड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन, प्रगतिशील भोजनमाता संगठन, सनसेरा श्रमिक यूनियन, अखिल भारतीय किसान महासभा, बीएसएनल ठेका मजदूर यूनियन, विद्युत कर्मचारी एकता मंच व भाकपा माले ने कहा कि यह हड़ताल देश के मेहनतकश वर्ग की पीड़ा, मोदी सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों और अधिकारों के हनन के विरुद्ध एक महत्त्वपूर्ण आवाज है।

यूनियनों ने सरकार से मांग की है कि वे मजदूरों के अधिकारों को सीमित करने वाली श्रम संहिताओं को वापस लें, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों का निजीकरण रोका जाए, महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण किया जाए, किसान आंदोलन के मुद्दों का समाधान किया जाए, और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को मजबूत किया जाए।

मौके पर यूनियनों ने कहा कि यह हड़ताल न केवल मजदूरों और कर्मचारियों की लड़ाई है बल्कि पूरे देश के मेहनतकश जनता, किसान, छात्र, बेरोजगार युवाओं और छोटे व्यवसायियों की आवाज़ भी है। सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे 9 जुलाई की हड़ताल को सफल बनाने में अपना समर्थन दें।

बयान में जुड़े नेताओं में केके बोरा, मनोज गुप्ता, डीके पांडे, योगेश पंत, रिंकी जोशी, रजनी जोशी, बहादुर सिंह जंगी, डा कैलाश पाण्डेय, दीपक कांडपाल, ललतेश प्रसाद, मनोज सिंह आर्य और मनोज पंत प्रमुख हैं।

Breaking News