हल्द्वानी। साइबर अपराध के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुखानी क्षेत्र में कथित इंटरनेशनल साइबर क्राइम सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026’ के तहत SOG, साइबर सेल और मुखानी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने लक्ष्मण विहार कॉलोनी में छापा मारकर मुख्य संचालक समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार*ल किया, जबकि 2 विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरोह USDT, अनधिकृत ऐप और म्यूल बैंक खातों के जरिए संदिग्ध रकम का लेनदेन करता था। आरोप है कि स्थानीय लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते, ATM कार्ड, चेकबुक और पासबुक हासिल किए जाते थे। इसके बाद ATM से नकदी निकालने और CDM के जरिए रकम को दूसरे खातों में भेजने का काम किया जाता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1.18 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, iPad, 11 मोबाइल फोन, 24 ATM/डेबिट कार्ड, 12 सिम कार्ड, 6 चेकबुक और 4 पासबुक समेत अन्य बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी राहुल यादव समेत उचित कुमार, कमल गोस्वामी, साहिल कुमार, मौ. अयान और मौ. शुभान शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।
मुखानी थाने में IT Act की धारा 66(C), 66(D) और BNS की धारा 3(5), 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, डिजिटल उपकरणों और लेनदेन की जांच कर इस नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगाल रही है।
कमीशन के लालच में खाता न दें
नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति को कमीशन के बदले अपना बैंक खाता, ATM, पासबुक, चेकबुक या सिम न दें। ऐसी गलती साइबर अपराध में कानूनी मुश्किल खड़ी कर सकती है। संदिग्ध साइबर गतिविधि होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को प्रोत्साहित करने के लिए एसएसपी नैनीताल ने 2,500 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है।
CyberCrime
OperationHotspot2026
HaldwaniNews
NainitalPolice
CyberSyndicate





