

हल्द्वानी।अल्मोड़ा जिले के सल्ट तहसील में सोमवार को हुए एक भीषण बस दुर्घटना में 36 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। इस दुःखद घटना पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में सहनशक्ति की प्रार्थना की।


मुख्यमंत्री ने घटना के तुरंत बाद मृतकों के परिजनों के लिए चार लाख रुपये और घायलों के लिए एक लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें राहत कार्य में जुट गईं। मुख्यमंत्री धामी रामनगर पहुंचकर शोक-संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों की कुशल क्षेम की भी जानकारी ली।


घटनास्थल पर गंभीर छह घायलों को एयर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश और एक घायल को एसटीएच हल्द्वानी भेजा गया। इसके अलावा, 5 अन्य घायलों को उनके परिजन की मांग पर विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया, जबकि 9 घायलों को रामनगर चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।


सीएम धामी ने रामनगर अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। यदि किसी घायल को हायर सेंटर भेजने की आवश्यकता हो, तो उन्हें तुरंत एयर एंबुलेंस से भेजने का आदेश भी दिया।


इस दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक रामनगर दीवान सिंह बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना, एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा, सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत समेत अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

दीपक रावत ने रामनगर चिकित्सालय में भर्ती घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों को उचित उपचार देने के निर्देश दिए।





