हरिद्वार डबल मर्डर का खुलासा : गद्दी की लालच में दो साधुओं की हत्या,तीन गिरफ्तार..

खबर शेयर करें -

हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में दो साधुओं की हत्या से फैली सनसनी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। फूलगढ़ स्थित पथरेश्वर मंदिर में हुए इस दोहरे हत्याकांड के पीछे मंदिर की गद्दी पर कब्जा जमाने की साजिश और ब्लैकमेलिंग को मुख्य वजह बताया गया है।

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेसवार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया।

ऐसे सामने आया मामला

सोमवार रात पंकज निवासी ऐथल ने पुलिस को सूचना दी कि मंदिर में ठहरे दो साधुओं की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मंदिर परिसर के पास खुदाई करने पर दो शव बरामद हुए।

एक साधु की पहचान सेवा गिरी (38) और दूसरे की पहचान पारस गिरी (40) के रूप में हुई। दोनों उत्तर प्रदेश के शुक्रताल, मुजफ्फरनगर के रहने वाले थे और 14 जुलाई को मंदिर में आयोजित भंडारे में शामिल होने आए थे।

हत्या की वजह क्या थी?

पुलिस जांच में सामने आया कि मंदिर की गद्दी पर कब्जा करने और ब्लैकमेलिंग से जुड़े विवाद ने इस दोहरे हत्याकांड को जन्म दिया। पूछताछ में यह भी पता चला कि 18 जुलाई की रात दोनों साधुओं को शराब पीते देखा गया था और अगले दिन मंदिर परिसर में गड्ढा खोदा गया।

मंदिर के मुख्य पुजारी अखिल गिरी सहित कई लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

Breaking News