Haldwani : CBSE बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आज, 17 फरवरी 2026 से आधिकारिक रूप से शुरू हो गई हैं। यह परीक्षाएं आगामी 9 अप्रैल तक चलेंगी।

नैनीताल जिले में सुचारू रूप से परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कुल 39 केंद्र बनाए हैं, जहाँ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक समय सारणी के अनुसार, परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी। आज पहले दिन कक्षा 10 के छात्र गणित (बेसिक/स्टैंडर्ड) की परीक्षा दे रहे हैं, वहीं कक्षा 12 के लिए बायोटेक्नोलॉजी और उद्यमिता विषयों की परीक्षा आयोजित की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 9:45 बजे तक हर हाल में पहुंचना होगा। सुबह 10:00 बजे के बाद किसी भी छात्र को केंद्र के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। छात्र अपने साथ केवल एडमिट कार्ड, आईडी प्रूफ, पारदर्शी पानी की बोतल और आवश्यक स्टेशनरी ही ले जा सकते हैं।

परीक्षा हॉल में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल फोन या अनावश्यक कागज ले जाना सख्त वर्जित है। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे पेपर शुरू होने से पहले निर्देशों को ध्यान से पढ़ें। पहले उन सवालों को हल करें जो आसान हों ताकि समय का सही प्रबंधन (Time Management) किया जा सके।

विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा के दौरान छात्रों को मानसिक तनाव से बचना चाहिए। सुबह का हल्का नाश्ता और पर्याप्त नींद एकाग्रता बढ़ाने में मदद करती है। नैनीताल जिले के सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और उड़न दस्तों के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित हो सके।

Breaking News