बद्रीनाथ धाम में आस्था का महासंगम—कपाट खुलते ही शुरू हुए दर्शन

खबर शेयर करें -

Nainitallive

चारधाम यात्रा 2026 : बद्रीनाथ धाम के कपाट खुले, सीएम धामी रहे मौजूद

चारधाम यात्रा 2026 के पांचवें दिन आज चमोली स्थित पवित्र बद्रीनाथ धाम के कपाट विधिवत रूप से खोल दिए गए। सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर जैसे ही मंदिर के द्वार खुले, भगवान बद्रीविशाल के दर्शन शुरू हो गए और पूरा धाम “जय बद्रीविशाल” के उद्घोष से गूंज उठा।

कपाट खुलने के अवसर पर सबसे पहले मंदिर में रावल ने प्रवेश किया, जिसके बाद पूजा-अर्चना की शुरुआत हुई। इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। अनुमान है कि पहले ही दिन -4°C की कड़ाके की ठंड के बावजूद करीब 7 हजार श्रद्धालु दर्शन करेंगे।

कपाट खुलते ही धाम में विशेष पूजाएं शुरू हो गईं। सबसे पहले बीते छह महीनों से जल रही अखंड ज्योति के दर्शन किए गए। वहीं कपाट बंद होने के समय भगवान बद्रीविशाल पर चढ़ाया गया घृत कंबल हटाया गया, जिसे लेकर धार्मिक मान्यता और भी गहरी हो जाती है।

बद्रीनाथ धाम के पूर्व धर्माधिकारी आचार्य भुवन चंद्र उनियाल के अनुसार इस वर्ष घृत कंबल घी से पूरी तरह लबालब मिला है, जिसे मौसम और यात्रा के लिए शुभ संकेत माना जा रहा है।

कपाट खुलते ही अब उत्तराखंड के चारों धाम—गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ—की यात्रा पूर्ण रूप से आरंभ हो गई है। इससे पहले 19 अप्रैल को गंगोत्री-यमुनोत्री और 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए थे।

राज्य सरकार का दावा है कि इस बार यात्रा को और अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे 2025 की तुलना में इस साल अधिक श्रद्धालु पहुंचेंगे।

2025 में कुल 51,06,346 श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की थी, जो 2024 की तुलना में लगभग 4.35 लाख अधिक थी। वहीं इस वर्ष अब तक 21 लाख से अधिक श्रद्धालु पहले ही रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं।

बद्रीनाथधामकेकपाटखुले

Breaking News