देहरादून। UKSSSC की 2016 VPDO परीक्षा में कथित धांधली और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश सिंह रावत के तत्कालीन OSD रहे चंदन सिंह जीना के देहरादून स्थित आवास समेत कई ठिकानों पर तलाशी ली।
ED के मुताबिक, जीना के घर से 32 लाख रुपये की नकदी, करीब 200.5 ग्राम सोना और 12 लग्जरी घड़ियां बरामद हुई हैं। इनमें Rolex, Rado, Piaget, Movado, Tissot और Casio Edifice जैसी ब्रांडेड घड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा जीना और उनके परिवार के बैंक खातों में मौजूद 52.16 लाख रुपये का क्रेडिट बैलेंस फ्रीज किया गया है।
एजेंसी के अनुसार बरामद संपत्तियों और कथित तौर पर किए गए बड़े नकद खर्च का उनकी ज्ञात आय से स्पष्ट मिलान नहीं हो पाया है। जीना का मोबाइल फोन भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
बताया जा रहा है यह कार्रवाई UKSSSC के तत्कालीन अध्यक्ष, सचिव, परीक्षा नियंत्रक, OMR प्रोसेसिंग से जुड़ी निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक और कथित बिचौलियों के परिसरों में भी की गई। ED अब परीक्षा में कथित OMR हेरफेर से लेकर अवैध धन के लेन-देन तक की पूरी कड़ी खंगाल रही है।
फिलहाल जांच जारी है और ED की कार्रवाई ने उत्तराखंड के चर्चित परीक्षा धांधली मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।





