इंदिरा नगर हल्द्वानी में जल निकासी और सड़क मरम्मत को लेकर प्रदर्शन, नगर निगम व जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। नगर निगम और जल संस्थान के कार्यप्रणाली से नाराज इंद्रानगर के स्थानीय लोगों ने बुधवार को इंदिरा नगर दुर्गा मंदिर के पास मुख्य सड़क पर धरना प्रदर्शन किया। पूर्व सभासद शकील अहमद सलमानी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में पुरुष व महिलाएं सड़क पर उतर आए और जल निगम व नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एक महीना पहले छोटी सड़क इंदिरानगर को खोदा गया था, लेकिन उसकी मरम्मत नहीं की गई। जिसके कारण गहरे गड्ढे बन गए हैं और सड़क का मलबा नालियों में प्रवेश कर गया है। इस वजह से नालियों का गंदा पानी घरों में घुस रहा है, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। साथ ही, सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, और मंदिरों व मस्जिदों में जाने वाले लोग गंदे पानी में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

इंदिरा नगर हल्द्वानी में जल निकासी और सड़क मरम्मत को लेकर प्रदर्शन, नगर निगम व जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी

शकील अहमद सलमानी ने बताया कि जल निगम ने सिविल लाइन खोलने का कार्य बिना किसी पूर्व सूचना के शुरू किया, जिससे सड़क का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि नगर निगम का कहना है कि नालियों की सफाई नगर निगम ही करेगा, जबकि जल निगम का दावा है कि नालियों की सफाई जल निगम कराएगा। इससे समस्या जस की तस बनी हुई है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द सड़क और नालियों की मरम्मत नहीं की गई, तो वे संबंधित विभागों के खिलाफ प्रदर्शन और धरना देंगे। शिक्षण संस्थानों के बच्चों की स्कूल आने-जाने में भी बाधा उत्पन्न हो गई है, जिससे अभिभावक चिंतित हैं।

इस धरने में खलील अहमद, विजय सिंह चौहान, राजाराम, शब्बीर अहमद अल्वी, तुलसीदास, मोहित, सुमित केसरवानी, पिंटू गुप्ता, धर्मेंद्र, मेहताब हुसैन, साहिल अहमद, विरासत हुसैन, वसीम अहमद सैफी, नबी अहमद, असलम शाहिद समेत अनेक लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।

Breaking News