देहरादून : शादी के 3 महीने बाद ही गर्भवती बहु की मौत, दहेज की मांग ने ली जान

खबर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून में शादी के महज तीन महीने बाद एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

यह मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के रिस्पना नगर का है। जानकारी के अनुसार मृतका कहकशां आलम (23) का निकाह 19 नवंबर 2025 को देहरादून निवासी शहबाज आलम से हुआ था। मृतका के भाई सलमान आसिफ, निवासी रुद्रप्रयाग, ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के समय ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन कुछ समय बाद ही उनके व्यवहार में बदलाव आ गया।

परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर कहकशां को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। परिवार के मुताबिक, सहस्रधारा रोड पर प्लॉट खरीदने के लिए करीब 50 लाख रुपये की मांग की जा रही थी और इसी को लेकर उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

मायके पक्ष के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को कहकशां ने फोन कर बताया था कि उससे प्लॉट खरीदने के लिए पैसों की मांग की जा रही है। इसके बाद 3 मार्च 2026 की सुबह करीब 11 बजे उसने दोबारा फोन कर बताया कि पति, सास-ससुर, देवर और ननद पैसे को लेकर बेहद गुस्से में हैं। उसी रात करीब 1:30 बजे मृतका के पिता को ससुर का फोन आया और बताया गया कि कहकशां की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।

परिजन तुरंत देहरादून पहुंचे और दून अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बताया कि महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। इससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया, जिसके बाद मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मृतका के भाई का दावा है कि पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कहकशां करीब दो महीने की गर्भवती थी। साथ ही उसके शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं। परिजनों का कहना है कि उसका एक हाथ भी टूटा हुआ था और यूट्रस में भी चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे धीरे-धीरे नशे की दवाइयों की भारी खुराक दी जा रही थी। वहीं, भाई का यह भी दावा है कि आरोपी पति किसी अन्य लड़की से शादी करना चाहता था।

परिजनों के अनुसार, शादी के समय करीब 10 तोला सोना, गाड़ी के लिए 14.5 लाख रुपये नकद और अन्य खर्चों के लिए भी रकम दी गई थी, इसके बावजूद लगातार और पैसों की मांग की जा रही थी। परिवार ने बताया कि 23 वर्षीय कहकशां ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी और वह आगे चलकर पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बनने का सपना देख रही थी।

नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति शहबाज आलम, सास खुशनुदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गुरुवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कहकशां की असमय मौत ने न केवल उसके परिवार बल्कि समाज को भी झकझोर कर रख दिया है। तीन महीने पहले ही नए सपनों के साथ शुरू हुई उसकी जिंदगी अचानक इस दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गई।

Breaking News