हल्द्वानी।
जनपद नैनीताल में चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुखानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 100–150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर करीब 13 लाख रुपये के सोने के जेवरात और नगदी बरामद कर ली है।
पूरे अभियान का संचालन मंजुनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद नैनीताल के निर्देशन में किया गया। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच के चलते कुछ ही दिनों में चोरी की वारदात का पर्दाफाश कर दिया गया।
घर खाली देख चोर ने बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा विठोरिया नंबर-1 निवासी हेमचंद्र लोहनी 2 मार्च से 5 मार्च 2026 तक अपने पैतृक गांव थापला ताकुला, जिला अल्मोड़ा गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर घर में रखे सोने के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
घर लौटने पर चोरी का पता चलने पर उन्होंने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई। इस आधार पर FIR संख्या 23/26 धारा 305(a)/331(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
100–150 CCTV कैमरों की जांच से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।
क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके के आसपास लगे करीब 100 से 150 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी सर्विलांस के जरिए संदिग्ध की पहचान की गई।
घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
13 मार्च को पुलिस टीम को हल्दीखाल जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरव कुमार (25 वर्ष) निवासी दमुवादुंगा, काठगोदाम बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किए गए सोने के आभूषण और नगदी बरामद हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई सोने के आभूषण और नकदी बरामद की है, जिनमें मुख्य रूप से,, दो मंगलसूत्र
,दो पौंची, नथ और बैग टीका , दो जोड़ी सोने के झुमके
₹2250 नगद
एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन
बरामद सामान की कुल कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है।
पहले भी दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार आरोपी का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना काठगोदाम में चोरी से संबंधित मामला दर्ज है। अन्य जिलों से भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
घटना के सफल खुलासे पर एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए ₹2000 नकद इनाम देने की घोषणा की है।
इस पूरे ऑपरेशन में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, कांस्टेबल रोहित कुमार, बलवंत सिंह, धीरज सुगड़ा, रविंद्र खाती और अरविंद (SOG/सर्विलांस) की अहम भूमिका रही।




