हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में हल्द्वानी कोतवाली में पुलिस प्रशासन से मुलाकात कर नैनीताल जिले में 14 अगस्त 2025 को हुए जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा चुनाव के दौरान हुई मारपीट, अभद्रता और जिला पंचायत सदस्यों को गायब करने की शिकायत तल्लीताल थाने में भारतीय जनता पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी दीपा दर्मवाल द्वारा दर्ज कराई गई थी।
शिकायत में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, सुमित हृदयेश, भुवन कापड़ी और पूर्व विधायक संजीव आर्या के नाम भी शामिल हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अभी तक इन नेताओं के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया है, जबकि कांग्रेस पार्टी इस प्रकरण को लेकर राजनीति कर रही है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस इस मामले में बेवजह राजनीति कर भाजपा और प्रदेश सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है, साथ ही पुलिस की छवि धूमिल करने का काम कर रही है।
भाजपा ने यह भी बताया कि इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी उस प्रत्याशी का समर्थन कर रही है, जिनके पति के लाखन नेगी पर नैनीताल के विभिन्न थानों में 12 से अधिक अपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें पास्को और हिस्ट्रीशीट सहित कई मुकदमे शामिल हैं। भाजपा ने इन सभी मामलों की भी जल्द से जल्द जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और त्वरित कार्यवाही का आग्रह किया। बैठक में विधायक राम सिंह कैड़ा, दीवान सिंह बिष्ट, नगर निगम हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट, पूर्व मेयर जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, पूर्व राज्यमंत्री तरूण बंसल, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत एवं विकास भगत, पार्टी के जिला महामंत्रि नवीन भट्ट एवं रंजन बर्गली, युवा मोर्चा अध्यक्ष कार्तिक हर्बोला, किसान मोर्चा अध्यक्ष संदीप कुकसाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष अलका जीना, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष भुवन आर्या, काठगोदाम मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट समेत पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।