नैनीताल। जिले में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस ने यातायात नियमों और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। कार्रवाई का उद्देश्य सिर्फ चालान करना नहीं, बल्कि सड़कों पर नियमों का पालन सुनिश्चित कर यात्रियों और आम लोगों की सुरक्षा को मजबूत करना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए गए अभियान में पुलिस ने परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कुल 258 चालान किए, जबकि 73 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा 5 ड्राइविंग लाइसेंस/परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की गई और ₹47,000 का संयोजन शुल्क वसूला गया।
एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारियों, यातायात निरीक्षकों, टीएसआई रामनगर और सीपीयू हल्द्वानी को अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
मोटरसाइकिलों पर भी सख्ती
सीज किए गए 73 वाहनों में 72 मोटरसाइकिल शामिल हैं। क्षेत्रवार कार्रवाई में निरीक्षक यातायात हल्द्वानी ने 9, निरीक्षक यातायात भीमताल/भवाली/कैंचीधाम ने 9 और सीपीयू हल्द्वानी ने 24 वाहनों को सीज किया। वहीं विभिन्न थाना पुलिस द्वारा 224 नगद चालान किए गए।
पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा से सीधे जुड़ा है। ऐसे में परमिट की शर्तों या यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।







