उत्तराखंड में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट..

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। राज्य के अधिकांश जिलों में आज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में।

कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और उत्तरकाशी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 60 किमी/घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलने का खतरा है।

वहीं अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी है, जहां 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी

रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
करीब 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

सोमवार को हुई बर्फबारी

केदारनाथ धाम में लगातार तीसरे दिन बर्फबारी दर्ज हुई, वहीं धारचूला की व्यास घाटी (छियालेख, नाबी, कुटी, आदि कैलाश, ओम पर्वत) में भारी हिमपात हुआ। गुंजी क्षेत्र में भी लगातार तीसरे दिन बर्फबारी और औली में ताजा बर्फबारी देखने को मिली।

अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान

8 अप्रैल –
पांच जिलों-उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश, गरज-चमक और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है।

9 अप्रैल –
इन पांच जिलों में मौसम सक्रिय रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है।

10 अप्रैल –
कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ 3700 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार।

जरूरी सलाह

तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय सावधानी बरतें।

किसानों और पर्यटकों को मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गयी है।

Breaking News