नैनीताल/भवाली: नैनीताल जिले के भवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरना चौकी इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। 40 वर्षीय बालम सिंह की कथित तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन करने से हुई मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस ने इन आरोपों को निराधार बताया है।
जानिए पूरा मामला क्या है
जानकारी के अनुसार, लोहाली गांव निवासी बालम सिंह को मंगलवार शाम अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे स्थित चमड़ियां क्षेत्र में पुलिस ने कुछ अन्य युवकों के साथ रोका था। आरोप है कि उस दौरान पुलिस उन्हें खैरना चौकी ले गई और शांति भंग की आशंका में चालान किया गया।
परिजनों का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद बालम सिंह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया था। देर रात घर लौटने के बाद उन्होंने घर में रखा कोई विषाक्त पदार्थ पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए लेकर नाराजगी जताई।
जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया।
एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने क्या कहा..
मामले में एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि बालम सिंह शराब के नशे में उत्पात मचा रहा था, जिसके बाद पुलिस उसे थाने लाई। मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस एक्ट के तहत ₹250 का चालान कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, बाद में युवक ने घर जाकर आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहे हैं। पुलिस का दावा है कि फुटेज में बालम सिंह अपने परिचितों के साथ शराब की दुकान पर जाता दिखाई दे रहा है, जहां वह स्वयं पैसे देकर शराब खरीदते नजर आ रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि फुटेज प्रथम दृष्टया यह संकेत देते हैं कि युवक सामान्य व्यवहार में दिखाई दे रहा था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
एस पी क्राइम ने कहा है कि मामले में पंचायतनामा, वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम, मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।साथ ही एसपी क्राइम ने मैं यह भी कहा की चालानी कार्रवाई हुई है जो की रूटिंग का हिस्सा है शराब पीने पिलाने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई निरंतर जारी रहती है। जिसका मकसद अपराध पर अंकुश लगाना होता है। उन्होंने लगाए जा रहे सभी आरोप को निराधार बताया और कहा घटना का पुलिस की कार्रवाई से कोई संबंध होना फिलहाल प्रतीत नहीं हो रहा है।




