हल्द्वानी – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित उत्तराखंड प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में व्यापारियों के हित में आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सुरक्षा, सम्मान व हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार व्यापारियों के लिए सरल, पारदर्शी और भयमुक्त कारोबारी माहौल बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो व्यवस्था के तहत 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। साथ ही निवेश, स्टार्टअप और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।
व्यापारियों के लिए सीएम की 8 प्रमुख घोषणाएं
आपदा राहत – प्राकृतिक या अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार राहत दिलाने के लिए कार्रवाई की जाएगी।
समस्याओं का समाधान – राज्य और जिला स्तर की उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन कर नियमित बैठकें कराई जाएंगी।
दुर्घटना बीमा – जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा, ताकि पात्र आश्रित समय पर दावा कर सकें।
पर्यटन पंजीकरण – पर्यटन व्यवसाय से जुड़ी पंजीकरण प्रक्रिया सरल बनाकर सिंगल विंडो व्यवस्था लागू की जाएगी।
होम स्टे का विस्तार – पर्यटन क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होम स्टे सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
चारधाम मार्ग पर पार्किंग – यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पार्किंग विकसित की जाएगी।
बाजारों में सड़क और नालियां – राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और प्रमुख सड़कों से जुड़े बाजारों में सड़क व नालियों के निर्माण और मरम्मत को प्राथमिकता मिलेगी।
श्रमिकों को योजनाओं का लाभ – व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय व्यापार, पर्यटन, लघु उद्योग और स्वरोजगार उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। सरकार का प्रयास है कि व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ें।
सम्मेलन के दौरान प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की स्मारिका का विमोचन किया गया और व्यापार मंडल की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत और सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और प्रदेशभर से आए व्यापारी मौजूद रहे।







