हल्द्वानी/नैनीताल।दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। पुतला दहन स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
SSP ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी पुतला दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके साथ ही थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त और चेकिंग करें तथा पुतला दहन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लें।
जेबकतरों और चेन स्नैचरों पर विशेष नजर
दशहरा मेले और बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जेबकतरों और चेन स्नैचरों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की टीम से भी सघन चेकिंग कराई जाएगी। वहीं, अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय बनाकर आग से बचाव के जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे।
पुतला दहन कार्यक्रमों के दौरान जाम की स्थिति से बचने के लिए अलग से यातायात पुलिस तैनात की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और सभी कार्यक्रम सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सकें।
SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस ने लोगों से दशहरा पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन के दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।







