हैवानियत की हद : मानसिक दिव्यांग युवती के घर में घुसा ऑटो चालक_haldwani

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी।
हल्द्वानी के नवाबी रोड स्थित आनंदपुरी इलाके में एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक घटना सामने आई है। यहां एक मानसिक रूप से दिव्यांग युवती के घर में देर रात एक ऑटो चालक खिड़की के रास्ते घुस गया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार आनंदपुरी कॉलोनी में एक मानसिक दिव्यांग युवती अकेले रहती है। उसके माता-पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है और उसका पालन-पोषण आसपास के लोग ही मिलकर करते हैं। युवती एक छोटे कच्चे घर में रहती है। सुरक्षा के लिहाज से रात के समय उसे बाहर से ताला लगाकर रखा जाता है और घर की खिड़की को ईंटों से बंद कर दिया जाता है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब एक बजे एक टेंपो चालक खिड़की से ईंटें हटाकर घर के अंदर घुस गया। कॉलोनी की महिलाओं का आरोप है कि आरोपी युवती के साथ दुष्कर्म करने की नीयत से घर में दाखिल हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी सुमित पांडे ने बताया कि पुलिस ने आरोपी करन आर्या पुत्र राम सिंह, निवासी नया गांव, थाना कालाढूंगी, जिला नैनीताल को गिरफ्तार किया है। उसे जेल रोड स्थित शीशम बाग कॉलोनी के पास से घटना में प्रयुक्त ऑटो के साथ पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Breaking News