Nainitallive
नई समय सारणी के विरोध में उतरे शिक्षक, बच्चों के स्वास्थ्य और भौगोलिक परिस्थितियों का दिया हवाला
उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन की हल्द्वानी शाखा ने शिक्षा विभाग द्वारा जारी नई समय-सारणी का विरोध जताया है। संगठन ने उपशिक्षा अधिकारी हल्द्वानी को ज्ञापन सौंपते हुए इसे अव्यवहारिक बताया।
संगठन के अध्यक्ष मदन सिंह बर्तवाल के नेतृत्व में शिक्षकों ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए नई समय-सारणी उपयुक्त नहीं है। उनका कहना है कि मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी के दौरान सुबह 7:45 से दोपहर 2:05 बजे तक बच्चों का स्कूल में रहना कठिन है, वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में दूर-दराज से आने वाले छात्रों के लिए भी यह समय असुविधाजनक है।
शिक्षक संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि पहले सुझाव मांगे जाने पर भी उन्होंने वर्तमान समय-सारणी का विरोध करते हुए पूर्व व्यवस्था को ही जारी रखने की सिफारिश की थी।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए पुराने समय अनुसार ही विद्यालय संचालन सुनिश्चित करने के लिए उच्च अधिकारियों से पत्राचार किया जाए।




