अब हल्द्वानी में होगी जीएसटी अपीलीय अधिकरण की सर्किट बेंच

खबर शेयर करें -

रंग लाई हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन की मुहिम

हल्द्वानी। हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। राज्य सरकार ने हल्द्वानी में जीएसटी अपीलीय अधिकरण की सर्किट बेंच स्थापित करने को मंजूरी दे दी है। इससे कुमाऊं क्षेत्र के व्यापारियों, अधिवक्ताओं और टैक्स प्रोफेशनल्स को बड़ी राहत मिलेगी।

गौरतलब है कि इससे पूर्व जीएसटी अपीलीय अधिकरण की पीठ देहरादून में स्थापित की गई थी। कुमाऊं क्षेत्र के करदाताओं को अपील संबंधी मामलों के लिए देहरादून जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त व्यय होता था। इस समस्या को देखते हुए हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन ने पहल करते हुए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाई।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विधायक के सहयोग से मुख्यमंत्री से मुलाकात कर नवंबर माह में अधिकरण से जुड़ी विस्तृत जानकारी और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया था। इसके बाद राज्य सरकार ने प्रस्ताव को कैबिनेट में लाकर मंजूरी प्रदान कर दी।

एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने विषय की गंभीरता को समझते हुए त्वरित निर्णय लिया। साथ ही विधायक मोहन सिंह बिष्ट के प्रयासों की भी सराहना की, जिनकी पहल से यह मुद्दा प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष रखा जा सका।

हल्द्वानी में जीएसटी अपीलीय अधिकरण की सर्किट बेंच स्थापित होने से कुमाऊं क्षेत्र में न्यायिक प्रक्रिया अधिक सरल, सुलभ और समयबद्ध हो सकेगी। व्यापारिक गतिविधियों को भी इससे सकारात्मक गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

एसोसिएशन के सदस्यों ने इसे सामूहिक एकजुटता, निरंतर प्रयास और संघर्ष की बड़ी सफलता बताया है।

Breaking News