हल्द्वानी में मर्डर : बड़े ने भाई को मारा,स्टील के लोटे से सिर कुचल दिया,दहशत..

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी।

Nainitallive

उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर से एक दिल दहला देने वाली और खौफनाक हत्या की वारदात सामने आई है। बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मामूली कहासुनी बनी मौत की वजह

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 फरवरी की रात करीब 11 बजे आरोपी संदीप जायसवाल घर पहुंचा। घर आते ही उसका अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते झगड़ा हिंसक हो गया। गुस्से में बेकाबू संदीप ने पास में रखा स्टील का लोटा उठाकर सोनू के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।

परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने सोनू को तख्त पर पटक-पटककर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमला इतना क्रूर था कि सोनू लहूलुहान होकर मौके पर ही अचेत हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

घायल सोनू को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चोटें अत्यधिक गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चश्मदीदों का कहना है कि वारदात के दौरान आरोपी चिल्ला रहा था कि उसका भाई उसकी जिंदगी बर्बाद कर रहा है।

हत्या के बाद फरार हुआ आरोपी

इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी संदीप जायसवाल मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

हत्या का मुकदमा दर्ज

मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

इलाके में सन्नाटा

राम मंदिर बगीचा क्षेत्र में इस घटना के बाद लोग स्तब्ध हैं।
यह हत्याकांड न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि पारिवारिक रिश्तों की टूटती संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि हत्या की असल वजह और पृष्ठभूमि पूरी तरह सामने आ सके।

अपडेट

आरोपी संदीप जायसवाल को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

संदीप जायसवाल पूर्व में भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है।

Breaking News