Nainitallive
ब्रेकिंग —- उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय को धमकी भरा मेल आने के बाद आई.जी.कुमाऊं की तरफ से वहां एन्टी टेरेरिस्ट स्क्वाड(ए.टी.एस.)को लगाया गया है। हाईकोर्ट पहुंचकर आई.जी.रिद्धिम अग्रवाल और एस.एस.पी.मंजूनाथ टी.सी.ने न्यायाधीशों, कोर्ट स्टाफ, अधिवक्ता और आम लोगों की सुरक्षा के लिए गेट एंट्री पर कार्ड सिस्टम लागू करवा दिया है।
गुरुवार को उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जर्नल कार्यालय में धमकी भरा मेल आया। ये उन दो मेलों की तरह ही था जैसे सोमवार और मंगलवार को अधिनस्त न्यायालयों को धमकी दी गई थी। इससे पहले भी अगस्त 2023 में नैनीताल को उड़ाने के नाम पर पुलिस के इंट्राग्राम हैंडल पर एक संदेश आया था। जांच के बाद नैनीताल पुलिस ने दिल्ली निवासी नितिन शर्मा उर्फ 'खालिद' को गिरफ्तार किया। आई.जी.रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि उच्च न्यायालय में एक धमकी भरी मेल आई। ये मेल पिछले दिनों देहरादून, हरिद्वार, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल की जिला न्यायालयों में भी आई थी। इसके लिए एस.टी.एफ.केंद्रीय एजेंसियों के साथ संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि एन्टी सैबोटेज(तोड़फोड़)चैक और एक्सिस कंट्रोल किया जा रहा है। न्यायालय और आसपास एक कंपनी पी.ए.सी.तैनात की गई है। सुरक्षा के लिए हाईकोर्ट में ए.टी.एस.टीम लगाई गई है। किसी भी संदिग्ध के प्रवेश को रोकने के लिए बार एसोसिएशन की तरफ से न्यायालय में प्रवेश के लिए गेट पास या अनुमाती कार्ड मुहैय्या कराए जाएंगे। मेल भेजने वाले कि तलाश के लिए आई.पी. एड्रेस तलाश किये जा रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि आई.पी.एड्रेस के लिए भारतीय एजेंसियां विदेशों से संपर्क कर रही हैं।
