हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित जोहारमल एंड संस पेट्रोल पंप पर सोमवार शाम एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। एक व्यक्ति द्वारा बोतल में पेट्रोल देने की मांग को नियमों के तहत ठुकराए जाने पर पंप कर्मचारियों पर बेरहमी से हमला कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि प्रशासनिक निर्देशों और पेट्रोलियम मंत्रालय की SOP के अनुसार खुले बर्तन—जैसे बोतल, जरीकेन या ड्रम—में पेट्रोल-डीजल देना सख्त मना है। लेकिन नियमों का पालन करना पंप कर्मचारियों को भारी पड़ गया।
मना करने पर आरोपी ने आपा खो दिया और बेल्ट व ट्रैफिक कोन से कर्मचारियों को पीटना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को संभाला, लेकिन मामला यहीं नहीं थमा।
कुछ देर बाद वही व्यक्ति अपने साथियों के साथ लौट आया और दोबारा मारपीट कर मौके से फरार हो गया। इस घटना ने इलाके में आक्रोश है।
घटना के बाद पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने आपात बैठक बुलाई और लगातार बढ़ रही गुंडागर्दी पर गहरा रोष जताया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चड्ढा और महामंत्री चेतन बलुटिया ने साफ कहा,, “नियमों का पालन करने वाले कर्मचारियों पर इस तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पेट्रोल पंपों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रशासन द्वारा जनता के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं कि पंप कर्मचारियों पर खुले बर्तन में पेट्रोल/डीजल देने का दबाव न बनाया जाए।
संगठन ने कहा खाड़ी देशों में चल रहे तनाव को देखते हुए पेट्रोल पंप पहले से ही संवेदनशील स्थिति में हैं। ऐसे में सुरक्षा को लेकर एसोसिएशन ने प्रशासन से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।




