उत्तराखंड में ‘गोदान’ टैक्स फ्री_सीएम धामी का बड़ा ऐलान

खबर शेयर करें -

Nainitallive

उत्तराखंड सरकार ने गोवंश संरक्षण, ग्रामीण जीवन और किसान परंपरा पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ को राज्य में टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया है। ओडिशा और उत्तर प्रदेश के बाद अब उत्तराखंड भी इस कड़ी में शामिल हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस फैसले को सामाजिक और सांस्कृतिक सरोकारों से जुड़ा बताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की फिल्में भारतीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व को समाज के सामने मजबूती से प्रस्तुत करती हैं। टैक्स फ्री होने से फिल्म अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगी और इसके संदेश का व्यापक प्रभाव पड़ेगा।

फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और अब उत्तराखंड में दर्शक इसे कम टिकट दर पर देख सकेंगे।

गोवंश केवल आस्था नहीं, ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार’

सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि गाय सिर्फ धर्म और आस्था का विषय नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम स्तंभ है। गोवंश संरक्षण से जुड़े विषयों पर बनी फिल्मों के जरिए समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता विकसित होती है।

उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे रचनात्मक प्रयासों को लगातार प्रोत्साहित करती रहेगी, जो समाज को सही दिशा देने का काम करें।

गोवंश संरक्षण को लेकर सरकार के ठोस प्रयास

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर लगातार काम कर रही है। राज्य में गोसदनों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि निराश्रित और बेसहारा गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो सके।

इसके साथ ही गोपालकों और पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लाभ दिया जा रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

सामाजिक विषयों पर बनी फिल्मों को मिलेगा समर्थन

सीएम धामी ने कहा कि सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर बनी फिल्मों को उत्तराखंड सरकार आगे भी समर्थन देती रहेगी। सरकार का मानना है कि टैक्स फ्री जैसे फैसलों से सकारात्मक संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचता है।

‘गोदान’ फिल्म के बारे में जानिए…

पंचगव्य के फायदों पर खास फोकस

फिल्म ‘गोदान’ में गौमाता के सांस्कृतिक, वैज्ञानिक और सामाजिक महत्व को केंद्र में रखा गया है। कहानी में पंचगव्य के लाभों पर विशेष जोर दिया गया है, जिन्हें स्वास्थ्य, संस्कार, समृद्धि, समरसता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा गया है।

फिल्म गौ-आधारित जीवनशैली और पारंपरिक मूल्यों को सशक्त रूप में दर्शाती है।

यह फिल्म दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति, दीनदयाल धाम, फरह (मथुरा) की प्रस्तुति है। निर्माता संस्था कामधेनु इंटरनेशनल है, जबकि फिल्म का निर्माण और निर्देशन विनोद चौधरी ने किया है।
फिल्म में उपासना सिंह, मनोज जोशी, साहिल आनंद, सहर्ष शुक्ला और सत्येंद्र मौर्या प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

40 करोड़ की लागत _उत्तराखंड की वादियों में शूटिंग

जानकारी के अनुसार ‘गोदान’ फिल्म करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई है। इसकी शूटिंग उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों के साथ-साथ नोएडा, मथुरा और मुंबई में की गई है।

फिल्म को अधिक प्रभावी और वास्तविक बनाने के लिए इसमें कई सच्ची घटनाओं को भी शामिल किया गया है, ताकि विषयवस्तु जमीन से जुड़ी और दर्शकों के दिलों तक पहुंच सके।

टैक्स फ्री का फैसला न सिर्फ फिल्म उद्योग के लिए राहत है, बल्कि सामाजिक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार का एक अहम कदम भी माना जा रहा है।

Breaking News