गैरसैण में 11 मार्च को CM धामी पेश करेंगे 2026-27 का बजट_ सियासी सरगर्मी तेज

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड : गैरसैण (भराड़ीसैंण) स्थित विधानसभा भवन में उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र 9 से 13 मार्च तक आयोजित होगा।11 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले यह धामी सरकार का आखिरी पूर्ण बजट होगा, इसलिए इसे सरकार के आर्थिक विजन और चुनावी दिशा तय करने वाले अहम दस्तावेज के रूप में देखा जा रहा है। अधिसूचना जारी कर दी गई है।

1.20 लाख करोड़ तक बजट का अनुमान

सरकार बजट का आकार बढ़ाकर करीब 1.20 लाख करोड़ रुपये तक ले जाने की तैयारी में है। ‘जीरो बेस्ड बजटिंग’ के जरिए अनुपयोगी योजनाओं को समाप्त कर संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर रहेगा। इसके बाद अगला बजट लेखानुदान (वोट ऑन अकाउंट) के रूप में पेश किया जाएगा।

फोकस किन क्षेत्रों पर?

रोजगार सृजन, आधारभूत ढांचा, पर्यटन, कृषि, महिला और युवा केंद्रित योजनाओं पर विशेष ध्यान रहने की संभावना है। वहीं विपक्ष बेरोजगारी, पलायन और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

आधिकारिक कार्यक्रम (9 – 13 मार्च)

09 मार्च – सत्र का आगाज, महामहिम राज्यपाल का अभिभाषण

10 मार्च – अध्यादेश पटल पर, अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव व चर्चा

11 मार्च – धन्यवाद प्रस्ताव पारित; वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत

12 मार्च – बजट पर सामान्य चर्चा, विभागवार अनुदान मांगों पर विचार व मतदान

13 मार्च – बजट पारण, शेष अनुदान मांगों पर मतदान, गैर-सरकारी कार्य

क्यों अहम है यह सत्र?

गैरसैंण में होने वाला यह सत्र राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 11 मार्च को पेश होने वाला बजट केवल आय-व्यय का दस्तावेज नहीं, बल्कि चुनाव से पहले सरकार की प्राथमिकताओं और विकास के एजेंडे का विस्तृत खाका भी होगा।

आने वाले दिनों में सदन के भीतर तीखी बहस और बाहर सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

Breaking News