डॉ. प्रदीप उपाध्याय की नई पुस्तक ‘हम और हमारी संस्कृति’ का भव्य विमोचन

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व हरेला के शुभ अवसर पर हीरानगर में आयोजित कुमाउनी कवि सम्मेलन के दौरान साहित्यकार, रंगकर्मी, चित्रकार और शिक्षक डॉ. प्रदीप उपाध्याय की छठी पुस्तक ‘हम और हमारी संस्कृति’ का भव्य विमोचन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड भाषा संस्थान और अविचल प्रशासन के सहयोग से प्रकाशित इस पुस्तक का लोकार्पण हुआ।

144 पृष्ठों की यह पुस्तक उत्तराखंडी सांस्कृतिक परंपराओं, विद्यालयी शिक्षा, जीवन मूल्यों और लोक संस्मरणों को समर्पित है। इसमें निबंध, आलेख, संस्मरण और रिपोर्ताज के माध्यम से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक का आकर्षक आवरण कुमाउनी चित्रकारी के माध्यम से तैयार किया गया है, जिसे विद्यार्थी सफी आलम ने डिजाइन किया है।

इस अवसर पर मंच के संरक्षक हुकम सिंह कुंवर, अध्यक्ष खड़क सिंह बगड्वाल, कोषाध्यक्ष त्रिलोक बनौली, सचिव देवेंद्र तोलिया सहित अनेक साहित्यिक हस्तियों और कुमाऊंनी रचनाकारों ने भाग लिया। प्रतिष्ठित साहित्यकारों जैसे दामोदर जोशी, देवांशु, विनायक, जीवन जोशी, पुष्पलता जोशी, ललिता कापड़ी, लता पंत, नारायण बानठोकी, डी.एन. कांडपाल, योगेश बहुगुणा योगी और ललित भट्ट की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सैकड़ों श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ पुस्तक और रचनाकार का सम्मान किया। यह अवसर उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को समर्पित एक महत्वपूर्ण साहित्यिक आयोजन रहा।

‘हम और हमारी संस्कृति’ केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की आत्मा का साहित्यिक दस्तावेज है, जो हमारी सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Breaking News